जनपद में सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबन्धन के प्रति सजगता दिखाते हुए, रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आज एक सड़क दुर्घटना में त्वरित कार्रवाई कर वाहन चालक की जान बचाई गई।
घटना का विवरण – आज अब से थोड़ी देर पहले चौकी घोलतीर क्षेत्रान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टाटा टियागो कार (संख्या: UK07 FK 5694) अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी घोलतीर जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू एवं राहत कार्य – पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। वाहन चालक की पहचान राजेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र स्व. श्री भगवान सिंह बिष्ट, निवासी सिलोडी, नारायणबगड़, जिला चमोली के रूप में हुई है, उन्होने बताया कि वे ऋषिकेश से नारायणबगड़ की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस की त्वरित सक्रियता के कारण चालक पूरी तरह सुरक्षित व कुशल हैं। दुर्घटनाग्रस्त हुए इस वाहन को क्रेन मंगवाकर हटवाया जा रहा है।
रुद्रप्रयाग पुलिस की अपील – पुलिस प्रशासन सभी वाहन चालकों से अपील करता है कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें और सावधानी बरतें। आपकी सतर्कता ही आपके सफर को सुरक्षित बनाती है।