विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया है। सुबह चार बजे से ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू किए गए थे। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली मंदिर परिसर का भ्रमण कर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। डोली का पहला रात्रि पड़ाव रामपुर में रहेगा। 12 नवम्बर को डोली गुप्तकाशी और 13 नवम्बर को ऊखीमठ पहुंचेगी। अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मंदिर समिति के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अब वर्ष 2027 में ग्रीष्मकाल के दौरान कपाट खुलने के साथ यात्रा फिर शुरू होगी।
केदारनाथ धाम के कपाट बंद