चीनी फिल्मों में धमाकेदार रोल अदा करने वाले देव रतूड़ी अब उत्तराखंडी फिल्मों में भी शानदार आगाज कर रहे हैं। रतूड़ी ने केमसोर स्टू़डियोज नाम से अपने फिल्म प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की है। 25 नवंबर (गुरुवार) को देहरादून में इस फिल्म स्टूडियो का उद्घाटन किया गया। उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी और पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने स्टूडियो का अवलोकन किया।
केमसोर फिल्म स्टूडियो के उद्घाटन के मौके पर पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने खुले दिल से देव रतूड़ी की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि वह देव रतूड़ी की संघर्ष यात्रा से अच्छी तरह से वाकिफ हैं। रतूड़ी ने खुशी जताई कि देव ने उत्तराखंडी फिल्मों के लिए एक इंस्टीट्यूट की स्थापना की है। अनिल रतूड़ी ने देव रतूड़ी के इस कदम को संस्कृति को संरक्षित और बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त माध्यम बताया। वहीं, उत्तराखंड की पहली महिला मुख्य सचिव रहीं राधा रतूड़ी ने भी देव रतूड़ी के काम को सराहा। उन्होंने केमसोर नाम रखने की पीछे की कहानी सुनाते हुए कहा कि देव रतूड़ी ने अपने गांव के नाम पर इस फिल्म स्टूडियो का नाम रखा है। उन्होंने बताया कि जब वह मुख्य सचिव के रूप में काम कर रही थीं तो देव रतूड़ी प्रवासी सम्मेलनों में सबसे आगे रहते थे। उन्होंने बताया कि जब उत्तराखंड के गांवों को एडॉप्ट करने की बात कही गई तो देव रतूड़ी ने सबसे पहले कदम उठाया और दो गांवों को गोद लिया। राधा रतूड़ी ने प्रवासी उत्तराखंडियों को राह दिखाने के लिए देव रतूड़ी की सराहना की।
पहली फिल्म की तैयारी शुरू
केमसोर स्टूडियोज की पहली फिल्म द उत्तराखंड स्टोरी पर काम भी शुरू हो गया है। फिल्म के निर्देशक अनुज जोशी ने फिल्म का प्लॉट बताया। उन्होंने जानकारी दी कि यह फिल्म 1994 में हुए रामपुर तिराहा कांड और उसके बाद के 32 सालों की कहानी बताती है। जोशी ने बताया कि यह फिल्म इस सवाल के ईर्द-गिर्द घूमती है कि 1994 की घटना के बाद आखिर क्या-क्या हुआ। वह बताते हैं कि इस फिल्म में उन लोगों की कहानी भी दिखाई जाएगी जिन्होंने उत्तराखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया था लेकिन उनकी कहानी दुनिया तक नहीं पहुंच पाई।
उत्तराखंडी सिनेमा को ग्लोबल लेकर जाना है
केमसोर स्टूडियो सिर्फ फिल्म निर्माण नहीं करेगा बल्कि उत्तराखंड के एक्टरों को प्रशिक्षण भी देगा। स्टूडियो ने इस काम के लिए विशेष रूप से मुंबई से हर्षल पंवार को बुलाया है। हर्षल पंवार बॉलीवुड में एक्टिंग कोच हैं और अब वह उत्तराखंडी अभिनेताओं को प्रशिक्षण देंगे। उद्घाटन के मौके पर पंवार ने कहा कि उत्तराखंड में ढेर सारी कहानियां हैं लेकिन ये ग्लोबल नहीं जा पा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस स्टूडियो के माध्यम से उनका प्रयास न सिर्फ अच्छे एक्टर इंडस्ट्री को देने हैं बल्कि अच्छी फिल्में भी बनानी हैं। ऐसी फिल्में जो ग्लोबल लेवल पर भी चमक सकें।
बॉलीवुड के लेवल को करेंगे मैच
टिहरी के छोटे से गांव से चीन तक का सफर तय करने वाले देव रतूड़ी इस स्टूडियो को देवभूमि को समर्पित करते हैं। वह कहते हैं कि इस स्टूडियो के माध्यम से वह बॉलीवुड स्तर की फिल्मों का निर्माण पहाड़ में ही करना चाहते हैं। देव रतूड़ी ने बताया कि स्टूडियो के माध्यम से वह उत्तराखंडी फिल्मों, वेब सीरीज और म्यूजिक पर काम करने वाले हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने कर भी दी है। रतूड़ी ने जानकारी दी कि उनकी पहली फिल्म 1994 के रामपुर तिराहा कांड पर आधारित होगी। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फिल्म का पोस्टर भी लॉन्च किया है। यह फिल्म रामपुर तिराहा कांड की सच्ची घटना को परदे पर उतारेगी। मूल रूप से यह फिल्म हिंदी भाषा में बनेगी। रतूड़ी बताते हैं कि हम रामपुर तिराहा कांड की कहानी सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं रखना चाहते। इस फिल्म को पूरे देश में रिलीज किया जाएगा और बाद में इसे उत्तराखंडी भाषाओं में भी दिखाया जाएगा। इस फिल्म की खासियत यह है कि ये पूरी फिल्म न सिर्फ उत्तराखंडी पृष्ठभूमि पर होगी बल्कि इसमें काम करने वाले निर्देशक से लेकर एक्टर तक, सभी उत्तराखंडी होंगे। देवू रतूड़ी कहते हैं कि इस फिल्म के माध्यम से हमारी कोशिश उत्तराखंड के कलाकारों को बड़ा मंच देने की है।
नहीं पड़ेगी मुंबई की जरूरत
देव रतूड़ी बताते हैं कि रामपुर तिराहा कांड पर फिल्म के बाद उत्तराखंडी भाषाओं में भी फिल्में बनाई जाएंगी। साथ ही म्यूजिक और वेब सीरीज के निर्माण की भी योजना है। रतूड़ी कहते हैं कि वर्तमान समय में फिल्मों के पोस्ट प्रोडक्शन का टेक्निकल काम अधिकतर मुंबई में ही होता है। उत्तराखंड में ऐसी सुविधा नहीं मिलती है। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में केमसोर स्टूडियो पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ा हर टेक्निकल काम करने में भी सक्षम होगा। इससे उत्तराखंडी फिल्म निर्माता ही नहीं बल्कि हमारा फिल्म उद्योग भी लाभान्वित होगा। केमसोर फिल्म स्टू़डियो के माध्यम से फिल्म निर्माण देव रतूड़ी के विस्तृत विजन का महज एक हिस्सा है। यहां पर एक्टरों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। रतूड़ी ने जानकारी दी कि आने वाले दो-तीन साल के भीतर यह फिल्म प्रोडक्शन स्टूडियो से फिल्म इंस्टीट्यूट में तब्दील हो जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देवभूमि फिल्म सिटी का प्रस्ताव भी सौंपा गया है।
रतूड़ी कहते हैं कि उत्तराखंड में अच्छी फिल्में बनाने के लिए प्रयास हो रहे हैं लेकिन उसके बावजूद अभी हम बॉलीवुड, दक्षिण भारत और दूसरे राज्यों से काफी पीछे हैं। वह कहते हैं कि इस भागीरथ प्रयास में वह भी हाथ बटाना चाहते हैं और उत्तराखंडी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की बनाने का प्रयास करना चाहते हैं।
अपनी जड़ों से जुड़ता है केमसोर
देव रतूड़ी ने अपने फिल्म स्टूडियो का नाम केमसोर रखा है। इस नाम के माध्यम से भी वह अपनी जड़ों से जुड़ते हैं। केमसोर दरअसल देव रतूड़ी के गांव केमरिया सौड़ को मिलाकर बना है। देव रतूड़ी ने अपने गांव से ही अपने उत्तराखंड के लिए काम करने की शुरुआत की। उन्होंने सबसे पहले अपने गांव को गोद लेकर वहां पर कई कार्यक्रम किए। अब वह अपनी रतूड़ी फाउंडेशन के माध्यम से पूरे उत्तराखंड में सामाजिक काम कर रहे हैं।
देव रतूड़ी: संघर्ष से सफलता तक
देव रतूड़ी का चीन के फिल्म उद्योग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़ा नाम है। टिहरी गढ़वाल जिले के केमरिया सौर गांव के रहने वाले देव रतूड़ी का सफर संघर्षों भरा रहा। उन्होंने चीन में अपने करियर की शुरुआत एक वेटर के रूप में की थी। बाद में उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से चीन में अंबर पैलेस नाम से भारतीय सांस्कृतिक रेस्तरां की चेन शुरू की। साथ ही उन्होंने चीन की फिल्मों में कई प्रमुख रोल निभाने शुरू किए। उन्होंने चीन के कई प्रतिष्ठित निर्देशक और एक्टरों के साथ काम किया है। देव रतूड़ी की सफलता का सबसे बड़ा सबूत यही है कि उनके बारे में चीन के पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाता है।
अब देव रतूड़ी ने चीन के साथ ही अपनी रेस्तरां चेन को भारत में भी शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत उन्होंने गुरुग्राम में अपना पहला रेस्तरां अंबर पैलेस खोलकर की है। रेस्तरां कारोबार के साथ ही अब वह उत्तराखंडी फिल्म उद्योग में भी कदम रख रहे हैं और इस उद्योग में जो भी कमियां उन्हें दूर करना चाहते हैं। देव रतूड़ी कहते हैं कि केमसोर स्टूडियो के रूप में मेरा यह प्रयास अपने उत्तराखंड को समर्पित है।
केमसौर फिल्म स्टू़डियो के उद्घाटन के मौके पर साहित्यकार और गीतकार मदन डुकलान, उत्तराखंडी भाषाओं को एआई के माध्यम से संरक्षित और बढ़ावा दे रहे सच्चिदानंद सेमवाल, अभिनेता राम नेगी, विमित्र के संस्थापक अरुण डबराल, उद्यमी एवं समाजसेवी बलवंत सिंह बिष्ट, वर्नम की फाउंडर मंजू भसीन, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा समेत अन्य कई गणमान्य मौजूद रहे।