उत्तरांचल प्रेस क्लब ने भूपत सिंह बिष्ट को दी कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुभकामनाएँ

उत्तरांचल प्रेस क्लब ने भूपत सिंह बिष्ट को दी कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुभकामनाएँ

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य भूपत सिंह बिष्ट को क्लब परिवार ने सुखद, सफल और निरापद यात्रा के लिए मंगलकामना के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए ससम्मान शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर क्लब पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके उज्ज्वल व सुरक्षित यात्रा की मंगलकामना की और कहा कि यह यात्रा व्यक्तिगत ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक रूप से भी अतुलनीय अनुभव प्रदान करने वाली होती है।

इस अवसर पर पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने भूपत सिंह बिष्ट की सफल यात्रा के लिए अपने मांगल गीतों के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित की।

उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी ने कहा कि कैलाश पर्वत, जिसे भगवान शिव का धाम माना जाता है, समुद्र तल से लगभग 21,778 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। यह यात्रा हर श्रद्धालु के लिए एक दिव्य और चुनौतीपूर्ण अनुभव होती है। यात्रियों को हिमालय की दुर्गम घाटियों, ऊँचे पहाड़ों और बर्फ से ढके रास्तों से गुजरना पड़ता है। वहीं, यात्रा के दौरान कैलाश पर्वत का दर्शन और पवित्र मानसरोवर झील का स्नान जीवन को एक नई दिशा प्रदान करने वाला माना जाता है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा, जीवन में एक बार मिलने वाला आध्यात्मिक अवसर है। हमें गर्व है कि हमारे साथी भूपत सिंह बिष्ट इस पवित्र यात्रा के लिए जा रहे हैं। हम उनकी मंगल यात्रा की शुभकामना करते हैं।

इस अवसर पर भूपत सिंह बिष्ट ने कहा कि इस पावन यात्रा के दौरान मैं उत्तरांचल प्रेस क्लब परिवार के समस्त सदस्यों की मंगलकामना करूंगा तथा प्रार्थना करूंगा कि भगवान शिव सब पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें।

इस मौके पर प्रेस क्लब परिसर में सभी सदस्यों की ओर से भूपत सिंह बिष्ट को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनकी सफल व सुरक्षित यात्रा की मंगलकामना करते हुए शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष अनिल चंदोला ने किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह राणा, मनमोहन लखेड़ा, पूर्व महामंत्री संजय घिल्डियाल, कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी, कार्यकारिणी सदस्य शूरवीर सिंह भण्डारी, मो. असद, किशोर रावत के साथ ही वरिष्ठ सदस्य दिनेश शास्त्री, एसपी उनियाल, गिरिधर शर्मा, रजनीश त्रिवेदी, इन्द्रभूषण बडोनी, राजकिशोर तिवारी, मो. खालिद, राजेश बहुगुणा, प्रमोद रावत आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *