देहरादून। दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के नेशनल ट्रेड वेलफेयर बोर्ड (NTWB) के सदस्य पंकज मैसोन ने बेलेज़ा ब्यूटी स्कूल के भव्य शुभारंभ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की और संस्था को शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में पंकज मैसोन ने कहा कि बेलेज़ा ब्यूटी स्कूल युवाओं के लिए कौशल विकास का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि ब्यूटी और वेलनेस क्षेत्र तेजी से उभरता हुआ सेक्टर है, जिसमें प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर मौजूद हैं। इस प्रकार के संस्थान युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण संस्थान न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को भी बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर स्थानीय व्यापारी, समाजसेवी, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोग और अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।